फ्रांस में भारतीय कला-संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, 'फोयर डे पेरिस' में लहराया मप्र के “बाग प्रिंट” का परचम

01 May 2026 19:31:53
बाग प्रिंट के शिल्पी मोहम्मद बिलाल खत्री (फाइल)


भोपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की अमूल्य शिल्प धरोहर 'बाग प्रिंट' का परचम पेरिस में लहरा रहा है। फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित ‘फोयर डे पेरिस' में भारतीय कला और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन देखा जा रहा है।

‘फोयर डे पेरिस' फ्रांस का ऐतिहासिक वार्षिक व्यापार मेला है। यह मुख्य रूप से घर, सजावट, गैस्ट्रोनॉमी, हस्तशिल्प और नवाचार पर केंद्रित होता है। इस साल 12 दिवसीय फोयर डे पेरिस का गत दिवस (30 अप्रैल) को भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भारतीय दूतावास, पेरिस की थर्ड सेक्रेटरी वर्धा खान ने भारतीय पवेलियन का विधिवत उद्घाटन किया।

बाग प्रिंट से हुआ भव्य स्वागत

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने शुक्रवार बताया कि कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के धार जिले के ग्राम बाग के प्रसिद्ध शिल्पकार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मोहम्मद बिलाल खत्री ने वर्धा खान का स्वागत पारंपरिक 'बाग प्रिंट' का अंगवस्त्र पहनाकर किया। बिलाल ने उन्हें इस प्राचीन हस्तशिल्प कला की बारीकियों और इसकी प्राकृतिक रंग प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

शिल्प कला का सजीव अनुभव

उद्घाटन के पश्चात वर्धा खान ने भारतीय स्टालों का भ्रमण किया और बाग प्रिंट कला को गहराई से समझा। इस कला के प्रति अपनी रुचि दिखाते हुए उन्होंने स्वयं अपने हाथों से लकड़ी के ठप्पों (ब्लॉक्स) का उपयोग कर एक रुमाल तैयार किया। उन्होंने भारतीय शिल्पकारों के कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस तरह का प्रदर्शन भारतीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के हस्तशिल्प विभाग ने इस ऐतिहासिक यात्रा के लिए बाग प्रिंट को चुना औऱ शिल्पी राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त शिल्पी मोहम्मद बिलाल खत्री को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। खत्री फ्रांस के पेरिस में आयोजित हो रहे यूरोप के सबसे विशाल और प्रतिष्ठित उपभोक्ता मेले 'फ़ोयर डे पेरिस' में भारत और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह देश और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने बताया कि पेरिस के पोर्टे डे वर्साय में 30 अप्रैल से 11 मई 2026 तक आयोजित हो रहे इस 12 दिवसीय भव्य आयोजन में, शिल्पी मोहम्मद बिलाल खत्री बाग प्रिंट का लाइव डेमोंस्ट्रेशन दे रहे हैं। यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए एक विस्मयकारी अनुभव बना हुआ है, जहाँ वे प्रत्यक्ष देख रहे हैं कि कैसे एक साधारण कपड़े पर पारंपरिक प्राकृतिक रंगों और नक्काशीदार ब्लॉक्स के माध्यम से उत्कृष्ट कलाकृतियाँ उकेरी जाती हैं। बाग प्रिंट पेरिस में पारंपरिक भारतीय विरासत का प्रतिनिधित्व कर रही है, बल्कि आधुनिक डिजाइनों के साथ मिलकर एक वैश्विक अपील भी पैदा कर रही है। 'फ़ोयर डे पेरिस' के लिए देश भर के पांच श्रेष्ठ शिल्पों बाग प्रिंट को भी शामिल किया गया है।

'फ़ोयर डे पेरिस'- कला और नवाचार का महाकुंभ

फ़ोयर डे पेरिस यूरोप का सबसे पुराना एवं सबसे बड़ा मल्टीपर्पज़ खुदरा मेला है। यह 1904 से प्रतिवर्ष पेरिस (पोर्ट डे वर्साय प्रदर्शनी केंद्र) में आयोजित किया जाता है और इसमें घरेलू सामान, फैशन, सजावट और हस्तशिल्प कला से संबंधित उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाती है। यहाँ 47 से अधिक देशों के 1,400 से अधिक प्रदर्शक और 6 लाख से अधिक आगंतुक जुट रहे हैं। यह मेला उन हस्त-शिल्पों को लिए मंच प्रदान करता है जिनमें 'ह्यूमन टच' और प्रीमियम फिनिश को प्राथमिकता दी जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0