राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्रियों ने महाराष्ट्र और गुजरात दिवस की दी शुभकामनाएं

01 May 2026 14:13:53
महाराष्ट्र और गुजरात प्रतिकात्मक चित्र।


नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र और गुजरात के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों के साथ शीर्ष नेताओं ने दोनों राज्यों के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और उनके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक योगदान की सराहना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने एक्स संदेश में महाराष्ट्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह भूमि छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती है। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, बाल गंगाधर तिलक, गोपालकृष्ण गोखले और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महान नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।

राष्ट्रपति ने गुजरात स्थापना दिवस पर कहा कि यह भूमि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और स्वामी दयानंद सरस्वती की जन्मस्थली है, जिसने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गुजरात को उद्यम और नवाचार का केंद्र बताते हुए कहा कि राज्य ने भारत की आर्थिक शक्ति को मजबूत किया है। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र को सांस्कृतिक विरासत और प्रगतिशील सोच का प्रतीक बताया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुजरात की आर्थिक और राजनीतिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत तक अहम योगदान देता रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र की ऐतिहासिक विरासत और सामाजिक सुधारों की परंपरा को याद करते हुए राज्यवासियों के कल्याण की कामना की। वहीं गुजरात के लिए उन्होंने कहा कि राज्य ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दोनों राज्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी विकास यात्रा और नवाचार की सराहना की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात की उद्यमशीलता और ऐतिहासिक विरासत को देश के लिए प्रेरणादायक बताया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन राज्यों का योगदान भारत की प्रगति में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0