पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई भाजपा में शामिल

11 May 2026 19:22:53
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भाई को भाजपा में शामिल करते हरियाणा के मुख्यमंत्री


- हरियाणा के मुख्यमंत्री व पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता

चंडीगढ़, 11 मई (हि.स.)। पंजाब में सोमवार को एक तरफ निकाय चुनावों का ऐलान हुआ, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने उन्हें पार्टी में शामिल किया।

भाजपा में शामिल होने वाले ज्ञान सिंह मान पूर्व के समय भगवंत मान का चुनाव प्रबंधन संभालते रहे हैं। वह लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव के दौरान भगवंत मान के प्रचार अभियान के इंचार्ज भी रहे हैं। संगरूर के गांव सतौज के रहने वाले ज्ञान सिंह मान ने साल 2012 के विधानसभा चुनाव से अपना सफर शुरू किया। 2013 में आम आदमी पार्टी के गठन के समय से ही संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया। वह 2014 से 2022 तक संगरूर सांसद कार्यालय के प्रभारी रहे। 2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भगवंत मान के चुनाव क्षेत्र धूरी के कार्यालय प्रभारी के रूप में मुख्य भूमिका निभाई।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि सतौज गांव से आज सीएम के चचेरे भाई ज्ञान सिंह ने भाजपा जॉइन की है। हमने पहले ही कहा था कि ईंट का जवाब पत्थर से देंगे और आज हमने कर दिया। अब भगवंत मान के घर के साथ ही भाजपा का झंडा भी लगेगा। मैं इनका बीजेपी में स्वागत करता हूं।

इस मौके पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब से बंगाल के चुनाव परिणाम आए हैं, तब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बौखला गई है। केजरीवाल ने बंगाल में जाकर ममता बैनर्जी को समर्थन दिया था। पहले केजरीवाल राहुल गांधी के पीछे घूमते थे और उनका सूपड़ा साफ कर दिया। अब पंजाब का भी सूपड़ा साफ करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Powered By Sangraha 9.0