चरण बोडो फिर बने मंत्री, बोडो भाषा में ली शपथ

12 May 2026 17:34:54
बोडो भाषा में शपथ लेकर चरण बोरो फिर बने मंत्री।


गुवाहाटी, 12 मई (हि.स.)। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के वरिष्ठ नेता चरण बोडो ने मंगलवार को असम में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री के रूप में बोडो भाषा में शपथ ली।

असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में राजग के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भी लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद राज्य में तीसरी बार उसकी सरकार बनी है।

01 जुलाई, 1979 को जन्मे चरण बोडो असम सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्यरत थे। वह बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के नेता हैं और वर्ष 2016 से असम विधानसभा में माजबाट विधानसभा क्षेत्र का लगातार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2003 में गौहाटी विश्वविद्यालय से एमए की शिक्षा प्राप्त की है।

उदालगुड़ी जिले के रंगागढ़ क्षेत्र के निवासी चरण बोडो के पिता का नाम नवीन बोडो तथा माता का नाम अम्पुली बोडो है। वह लंबे समय से बोडो समुदाय के हितों के लिए कार्य करने वाली क्षेत्रीय पार्टी बीपीएफ से जुड़े हुए हैं। राज्य मंत्रिमंडल में चरण बोडो की भागीदारी को बोडोलैंड क्षेत्र के प्रतिनिधित्व के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0