(लीड) हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बने, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

12 May 2026 16:46:53
असमः प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा एवं मंत्रिमंडल में शामिल रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण माझी एवं अजंता नेओग।


असमः गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनियता का शपथ पाठ करते मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा एवं मंत्रिमंडल के सहयोगी।


असमः शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित लोग


असमः शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित लोग


गुवाहाटी, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हालांकि, असम में भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की लगातार तीसरी बार सरकार का गठन हुआ है। वर्ष 2016 में पहली बार भाजपा ने असम में सत्ता के शीर्ष पर पहुंचने में सफल हुई थी।

गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में डॉ. सरमा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा समेत राजग शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में शपथ ली। उनके साथ भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोडो ने मंत्री पद की शपथ ली।

उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 में राजग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत हासिल की। इसमें भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि सहयोगी दलों अगप को 10 तथा बीपीएफ को 10 सीटों पर जीत हासिल करने में सफलता हासिल की।

समारोह के दौरान पूरे राज्य से पहुंचे लाखों लोग जय श्रीराम, भारत माता की जय, वंदे मातरम, जय आई असम आदि के नारे लगाते रहे, जिससे पूरे माहौल में उत्साह देखा गया। समारोह में महिलाओं की भी बड़ी सख्या में मौजूदगी देखी गयी। भारी संख्या में पहुंचे लोगों की सुविधा के लिए पंडाल के अलग-अलग हिस्सों में बड़े-बड़े एलईडी डिस्प्ले लगाए गये थे।

डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, रामेश्वर तेली, अजंता नेओग तथा असम गण परिषद (अगप) विधायक अतुल बोरा ने असमिया भाषा में शपथ ग्रहण किया, जबकि बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के विधायक चरण बोडो ने बोडो भाषा में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में आज मुख्यमंत्री सफेद धोती-कुर्ता एवं गले में असमिया गमोछा धारण कर नजर आए।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल प्रमुख अतिथियों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, सर्बानंद सोनोवाल, किरण रिजिजू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस, मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद्र, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरन माझी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. (प्रो) मानिक साहा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा, भाजपा के राष्ट्रीय सांगठनिक महासचिव बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय महसाचिव तरुण चुग के साथ ही कई राज्यों के उप मुख्यमंत्री एवं अन्य प्रमुख राष्ट्रीय नेता, व्यावसायिक जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।

शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के सभी स्तर के पदाधिकारियों के साथ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था। आयोजन में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी थी।

हिन्दुस्थान समाचार

Powered By Sangraha 9.0