
नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। भारतीय औषध संहिता आयोग (आईपीसी) ने बिहार, महाराष्ट्र और मिजोरम राज्य फार्मेसी काउंसिल के साथ तीन अलग-अलग समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह समझौता मंगलवार को गाजियाबाद स्थित आईपीसी कार्यालय में किया गया, जिसका उद्देश्य देशभर में दवाओं के तर्कसंगत उपयोग और दवा सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करना है।
इस समझौते के तहत अस्पतालों और फार्मेसी में भारत की राष्ट्रीय औषधि सूची (एनएफआई) के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। दवाओं के सुरक्षित और वैज्ञानिक उपयोग को सुनिश्चित करने पर फोकस रहेगा।
इसके साथ साइड इफेक्ट रिपोर्टिंग होगी। इसके लिए नए निगरानी केन्द्र स्थापित किए जाएंगे और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाएगा।
समझौते के तहत
फार्मासिस्टों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, वर्कशॉप और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे ताकि दवा सुरक्षा और मानकों की समझ को और बेहतर किया जा सके। इस समझौते में बिहार, महाराष्ट्र और मिजोरम शामिल रहे। यह समझौता देश में दवा सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी