

श्रीनगर, 12 मई (हि.स)। खान मंत्रालय ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित चूना पत्थर (लाइमस्टोन) के 12 ब्लॉक की ई-नीलामी का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में ई-नीलामी के इस दौर की शुरुआत की। इनमें नए पहचाने गए ब्लॉक और दूसरी बार नीलामी के लिए रखे गए ब्लॉक शामिल हैं।
खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने आधिकारिक तौर इसका शुभारंभ करते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाने, पारदर्शिता को मजबूत करने और खनन क्षेत्र में व्यापार करने में आसानी में सुधार के लिए मंत्रालय द्वारा किए गए परिवर्तनकारी सुधारों और संशोधनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जम्मू और कश्मीर में अपार खनिज क्षमता है और इन ब्लॉकों की नीलामी और परिचालन आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के माध्यम से विकसित भारत, विकसित जम्मू और कश्मीर और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
मंत्रालय ने कहा कि अनंतनाग, राजौरी और पुंछ जिलों में फैले कुल 12 चूना पत्थर ब्लॉकों को ट्रेंच II के तहत नीलामी के लिए रखा गया है। इनमें खनिज (नीलामी) नियम, 2015 (संशोधित) के प्रावधानों के अनुसार नए पहचाने गए ब्लॉक और दूसरे प्रयास के तहत पुन: नीलामी किए जाने वाले ब्लॉक दोनों शामिल हैं। इन ब्लॉकों को संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क वर्गीकरण (यूएनएफसी) के जी-3 और जी-4 चरणों के तहत वर्गीकृत किया गया है और उम्मीद है कि विशेष रूप से सीमेंट और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों से मजबूत उद्योग हित आकर्षित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर