एन रंगासामी कल पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ

12 May 2026 14:32:53
एन रंगास्वामी


पुडुचेरी, 12 मई (हि.स.)। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआई एनआरसी) के अध्यक्ष एन रंगास्वामी बुधवार 13 मई को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

विधानसभा चुनाव के बाद केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री रंगासामी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में पिछली बार की तरह ही भारतीय जनता पार्टी को दो मंत्री पद देने पर सहमति बनी है। शुरु में रंगासामी ने केवल एक मंत्री पद देने की बात कही थी, लेकिन बाद में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुई सीधी बातचीत के बाद l रंगासामी भाजपा के दो मंत्री बनाने पर सहमत हो गए।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 9:47 बजे राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन एआई एनआरसी के नेता रंगासामी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में यह रंगासामी का पांचवां कार्यकाल होगा।

चुनाव परिणाम

हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी दलों में एनआर कांग्रेस ने 12 सीटों पर, भाजपा ने 4 सीटों पर, अखिल भारत अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गमने 1 सीट पर और एलजेके ने 1 सीट पर जीत हासिल की है। कुल 18 सीटों पर जीत के साथ यह गठबंधन फिर से सरकार बना रहा है।

वहीं इस चुनाव में डीएमके ने 5, टीवीके 2, कांग्रेस ने 1 और नेयम् लोग पार्टी ने 1 सीट पर जीत दर्ज की। इसके अलावा 3 निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0