नितिन गडकरी पुणे में बस से करेंगे परियोजनाओं का निरीक्षण

13 May 2026 17:26:53
नितिन गडकरी


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 14-15 मई को संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान बस यात्रा करेंगे। इस यात्रा में अधिकारी, पत्रकार और सुरक्षा कर्मी भी बस से उनके साथ सफर करेंगे।

गडकरी ने आधिकारिक पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री के सुझाव के अनुसार ईंधन की खपत कम करना राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा के हित में आवश्यक है। बस से यात्रा करने से न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि यातायात प्रबंधन और जनसुविधा भी बेहतर होगी।

इसी कारण उन्होंने दौरे के दौरान सुरक्षा काफिले में तैनात वाहनों की संख्या सामान्य तैनाती की तुलना में 50 प्रतिशत तक घटाने का निर्देश दिया है।

पत्र में पुणे शहर के पुलिस आयुक्त, पुणे, सतारा और सोलापुर के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को भी इसकी प्रति भेजी गई है। उन्होंने पत्र में कहा कि इस निर्णय को लागू करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0