प्रधानमंत्री की अपील का गुजरात में असर: राज्यपाल अब बस और ट्रेन से करेंगे सफर, भूपेंद्र पटेल ने घटाया काफिला

13 May 2026 11:54:53
राज्यपाल आचार्य देवव्रत, सीएम भूपेंद्र पटेल व डिप्टी सीएम हर्ष संघवी की सांकेतिक एआई फ़ोटो


गांधीनगर, 13 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की बचत, कार पूलिंग और अनावश्यक खर्च कम करने की अपील का बड़ा असर गुजरात में दिखा है। प्रधानमंत्री ने स्वयं अपने एसपीजी काफिले में 50 प्रतिशत वाहनों की कटौती करने का निर्देश दिया है। गुजरात यूनिवर्सिटी ने भी कार पूलिंग लागू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अपना काफिला छोटा कर लिया है। राज्यपाल ने एसटी बस और ट्रेन से सफर करने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अमरेली जिले के राजुला दौरे में सादगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सामान्यतः मुख्यमंत्री के दौरे में 10 से अधिक वाहनों का काफिला रहता है, लेकिन इस बार वे केवल दो कारों के साथ राजुला पहुंचे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अब हेलिकॉप्टर और विमान सेवाओं के बजाय एसटी बस और ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया है। साथ ही राज्यपाल ने अपने काफिले में भी वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने नागरिकों से प्रदूषण कम करने के लिए साइकिल और इलेक्ट्रिक व्हीकल के अधिकतम उपयोग की अपील भी की है।

राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए अपना अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है। मई के अंतिम सप्ताह में उन्हें फेडरेशन ऑफ गुजराती एसोसिएशन ऑफ यूएसए कन्वेंशन में शामिल होना था, लेकिन प्रधानमंत्री की एक वर्ष तक विदेश यात्राएं टालने की अपील के बाद उन्होंने अपना दौरा स्थगित कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0