आईपीएल 2026 :ऑरेंज कैप की रेस में साई सुदर्शन दूसरे स्थान पर, पर्पल कैप में रबाडा ने की भुवनेश्वर  की बराबरी

13 May 2026 08:36:53
कागिसो रबाडा


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मंगलवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) की सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) पर जीत के बाद ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस और भी रोमांचक हो गई है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों की सूची में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।

ऑरेंज कैप की रेस में साई सुदर्शन की जोरदार छलांग

गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 61 रन की शानदार पारी खेलकर ऑरेंज कैप की दौड़ में बड़ा उछाल मारा। यह उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी और पिछले पांच मैचों में चौथी अर्धशतकीय पारी रही।

साई सुदर्शन कुछ समय के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए थे, लेकिन बाद में एसआरएच के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। क्लासेन ने मैच में सिर्फ 14 रन बनाए, लेकिन उनके कुल रन 508 हो गए, जिससे वह अब भी ऑरेंज कैप अपने पास बनाए हुए हैं। वहीं साई सुदर्शन 501 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

इस सीजन अब तक केवल क्लासेन और साई सुदर्शन ही 500 रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं।

ऑरेंज कैप सूची में तीसरे स्थान पर एसआरएच के अभिषेक शर्मा हैं, जिनके 481 रन हैं। हालांकि जीटी के खिलाफ वह सिर्फ 6 रन ही बना सके। दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल 477 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 467 रन के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।

पर्पल कैप में रबाडा ने भुवनेश्वर कुमार की बराबरी की

दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट झटके और पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली।

रबाडा ने पावरप्ले में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और आर स्मरण के विकेट लेकर एसआरएच की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके नाम अब 21 विकेट हो गए हैं, जो भुवनेश्वर कुमार के बराबर हैं।

हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट (7.46) की वजह से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार अब भी पर्पल कैप अपने पास बनाए हुए हैं, जबकि रबाडा का इकॉनमी रेट 9.15 है।

चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 19 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव, गुजरात टाइटंस के राशिद खान और एसआरएच के ईशान मलिंगा 16-16 विकेट लेकर संयुक्त रूप से अगले स्थानों पर मौजूद हैं। राशिद खान ने एसआरएच के खिलाफ एक विकेट लिया, जबकि ईशान मलिंगा को कोई सफलता नहीं मिली।

गुजरात टाइटंस के दो अन्य गेंदबाजों ने भी बड़ी छलांग लगाई। लगभग एक महीने बाद वापसी करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लेकर इस सीजन अपने विकेटों की संख्या 14 तक पहुंचा दी। वहीं जेसन होल्डर ने सिर्फ छह मैचों में 13 विकेट लेकर सभी को प्रभावित किया है। प्रसिद्ध और होल्डर क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0