तमिलनाडु सरकार ने ज्योतिषी रिकी रतन पंडित वेत्रिवेल की नियुक्ति रद्द की

13 May 2026 15:31:53
तमिलनाडु सरकार ने ज्योतिषी रिकी रतन पंडित वेत्रिवेल का अपॉइंटमेंट वापस ले लिया है..


चेन्नई, 13 मई (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के राजनीतिक सलाहकार के रूप में राज्य सरकार द्वारा विशेष अधिकारी नियुक्त किए गए रिकी रतन पंडित वेत्रिवेल के भारी विरोध के बाद उनकी नियुक्ति रद्द कर दी गई है।

मुख्यमंत्री विजय के निजी ज्योतिषी माने जाने वाले रिकी रतन पंडित वेत्रिवेल को हाल ही में तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) ने पार्टी प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया था। इसके बाद विजय के मुख्यमंत्री पद संभालने के पश्चात तमिलनाडु सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री के राजनीतिक प्रभाग में विशेष अधिकारी के रूप में नियुक्त किया। इस नियुक्ति का टीवीके सरकार को समर्थन देने वाली कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और विदुथलाई चिरुथैगल काची सहित कई दलों ने कड़ा विरोध किया।

आज विधानसभा में हुए विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भी डीएमडीके, वीसीके, कम्युनिस्ट दलों, मानवतावादी जनता पार्टी और मानवतावादी लोकतांत्रिक पार्टी समेत कई दलों ने सरकारी पद पर ज्योतिषी की नियुक्ति का विरोध जताया। डीएमडीके विधायक प्रेमलता विजयकांत ने तीखी आपत्ति दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री विजय से सीधे सवाल करते हुए उनसे पूछा कि उनके ज्योतिषी को सरकारी पद क्यों दिया गया।

इसी बीच तमिलनाडु सरकार ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में रिकी रतन पंडित की नियुक्ति वापस ली जा रही है।

उधर, रिकी रतन पंडित की नियुक्ति के खिलाफ तिरुवल्लूर जिले के कीलानूर की अधिवक्ता आर. रति ने मुख्यमंत्री विजय और तमिलनाडु सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव को कानूनी नोटिस भेजा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0