ताइवान पर अमेरिका की नीति में कोई बदलाव नहीं : मार्को रुबियो

14 May 2026 21:57:53

बीजिंग, 14 मई (हि.स.)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ताइवान को लेकर अमेरिका की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीजिंग में अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद रुबियो ने यह बयान दिया।

एनबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में रुबियो ने कहा कि चीन हर बैठक में ताइवान का मुद्दा उठाता है और अमेरिका भी हमेशा अपना रुख स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की नजर में ताइवान की मौजूदा स्थिति में किसी भी तरह का जबरन बदलाव दोनों देशों के लिए नुकसानदायक होगा।

रुबियो ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच “रणनीतिक स्थिरता” बनाए रखना बेहद जरूरी है और दोनों पक्ष इस बात से सहमत हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि ताइवान को हथियारों की बिक्री का मुद्दा दोनों देशों के संबंधों में संवेदनशील बना हुआ है।

अमेरिकी विदेश मंत्री के मुताबिक, इस बार की बातचीत में ताइवान को हथियार बेचने का मुद्दा प्रमुखता से नहीं उठा, लेकिन चीन पहले भी इस पर अपनी नाराजगी जता चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि अमेरिका ने दिसंबर में भी ताइवान को हथियार बेचे थे, जिस पर बीजिंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।

रुबियो ने कहा कि ताइवान को हथियार बेचने का फैसला केवल राष्ट्रपति का नहीं होता, बल्कि इसमें अमेरिकी कांग्रेस की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कांग्रेस की मंजूरी और नीतिगत प्रक्रिया के आधार पर अमेरिका आगे निर्णय लेता रहेगा।

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ ताइवान को अमेरिकी हथियार बिक्री के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। ट्रंप के इस बयान के बाद आशंका जताई जा रही थी कि भविष्य में ताइवान को हथियारों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

ताइवान का मुद्दा लंबे समय से अमेरिका और चीन के बीच तनाव का प्रमुख कारण बना हुआ है। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि अमेरिका आधिकारिक रूप से “वन चाइना पॉलिसी” का समर्थन करते हुए भी ताइवान को सैन्य और राजनीतिक समर्थन देता रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0