वस्त्र मंत्रालय और आईसीआरआईईआर के बीच एमओयू, साक्ष्य-आधारित नीति अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा

14 May 2026 23:09:53

नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। भारत के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, वस्त्र मंत्रालय और भारतीय अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंध अनुसंधान परिषद (आईसीआरआईईआर) ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

मंत्रालय के अनुसार यह कार्यक्रम नई दिल्ली के नेताजी नगर स्थित जीपीओए 3 में आयोजित किया गया। समझौते पर वस्त्र मंत्रालय की ओर से उप महानिदेशक अखिलेश कुमार और आईसीआरआईईआर की ओर से निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शेखर अय्यर ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए।

इस रणनीतिक साझेदारी का प्राथमिक लक्ष्य आंकड़ों पर आधारित और विश्लेषणात्मक रूप से सुदृढ़ नीतियों को तैयार करना है। समझौते के तहत कई बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इनमें वस्त्र क्षेत्र में नीति निर्माण के लिए आईसीआरआईईआर की तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग करना, वस्त्र उद्योग से जुड़े आंकड़ों के संग्रहण और प्रबंधन को बेहतर बनाना और साक्ष्य-आधारित विश्लेषण करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0