असम असम पुलिस की क्राइम ब्रांच में पवन खेड़ा से दूसरे दिन भी हुई लंबी पूछताछ

14 May 2026 19:28:53
पवन खेड़ा Pawan Khera


गुवाहाटी, 14 मई, (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा गुरुवार को लगातार दूसरे दिन असम पुलिस की क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश हुए। यह पूछताछ असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा से जुड़े कथित बहु-विदेशी पासपोर्ट मामले को लेकर चल रही जांच के संबंध में की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को पवन खेड़ा से करीब 8 घंटे तक मैराथन पूछताछ की गई। हालांकि, क्राइम ब्रांच कार्यालय में प्रवेश करते समय और बाहर निकलने के बाद मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह अब भी अपने पुराने आरोपों और बयानों पर कायम हैं, तब भी उन्होंने चुप्पी बनाए रखी।

जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने पवन खेड़ा को आगे की पूछताछ के लिए 25 मई को फिर से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। इससे पहले बुधवार को भी उनसे लगभग 11 घंटे तक पूछताछ की गई थी, जिसके बाद देर रात उन्हें जाने की अनुमति दी गई थी।

बुधवार की पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा था कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

उल्लेखनीय है कि, यह मामला गुवाहाटी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़ा है। इसके बाद रिनिकी भुइयां शर्मा ने क्राइम ब्रांच में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोपों को झूठा और मानहानिकारक बताया था। बाद में पवन खेड़ा ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया। उच्चतम न्यायालय

ने पहले उन्हें गौहाटी उच्च न्यायालय

जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद उच्चतम न्यायालय

ने कुछ शर्तों के साथ उन्हें अग्रिम जमानत प्रदान की, जिसके बाद से वह जांच एजेंसियों के समक्ष पूछताछ के लिए उपस्थित हो रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0