फाजिल्का बॉर्डर पर मिला पाकिस्तानी ड्रोन, हेरोइन तस्करी की आशंका

14 May 2026 15:45:53
ਖੇਤਾਂ ’ਚ ਪਿਆ ਡਰੋਨ।


चंडीगढ़, 14 मई (हि.स.)।

पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन सीमा पार से ड्रोन गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार देर रात फाजिल्का के भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गांव चक्क बाजीदा के खेतों में ड्रोन गिरने की सूचना मिलने के बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान खेतों से एक ड्रोन बरामद किया गया। इस मामले में थाना सदर जलालाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह ने बताया कि बीएसएफ से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी की गई। उन्होंने बताया कि एक किसान के खेत में गेहूं के नाड़ के बीच ड्रोन पड़ा मिला, जिसे कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह ड्रोन सीमा पार से हेरोइन की खेप गिराने के बाद वापस लौट रहा था, लेकिन बैटरी खत्म होने या किसी तकनीकी खराबी के कारण खेतों में गिर गया। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रोन किसके लिए भेजा गया था।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0