आईपीएल 2026 : ऑरेंज कैप रेस में विराट कोहली तीसरे स्थान पर पहुंचे

14 May 2026 09:38:53
प्रशिक्षण लेते स्टार बल्लेबाज विराट कोहली


पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर शीर्ष पर बरकरार

नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस लगातार रोमांचक होती जा रही है। बुधवार को रायपुर में खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मुकाबले के बाद दोनों सूचियों में बड़ा बदलाव देखने को मिला।

ऑरेंज कैप की दौड़ में विराट कोहली की बड़ी छलांग

आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए टीम को 193 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया। इस पारी के साथ कोहली ऑरेंज कैप की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

विराट कोहली ने इस सीजन 12 पारियों में 165.75 के स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए हैं। उनसे आगे सिर्फ गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन (501 रन) और सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन (508 रन) हैं।

ऑरेंज कैप की दौड़ में इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 481 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल 477 रन बनाकर पांचवें स्थान पर मौजूद हैं, जबकि गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 467 रन के साथ छठे नंबर पर हैं।

पर्पल कैप में भुवनेश्वर कुमार नंबर-1

गेंदबाजों की सूची में आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पर्पल कैप की दौड़ में बढ़त बना ली है। केकेआर के खिलाफ उन्होंने 1 विकेट हासिल किया, जिसके बाद उनके कुल विकेट 22 हो गए हैं।

भुवनेश्वर ने इस प्रदर्शन के साथ गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 21 विकेट हैं।

पर्पल कैप की सूची में चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 19 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव, गुजरात टाइटंस के राशिद खान, कोलकाता नाइट राइडर्स के कार्तिक त्यागी और सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा के नाम 16-16 विकेट दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0