
लंदन, 14 मई (हि.स.)। लिवरपूल के स्टार फॉरवर्ड मोहम्मद सलाह एस्टन विला के खिलाफ होने वाले प्रीमियर लीग मुकाबले में वापसी कर सकते हैं।
टीम के मुख्य कोच आर्ने स्लॉट ने गुरुवार को पुष्टि की कि शुक्रवार को एस्टन विला के खिलाफ मैच के लिए मोहम्मद सलाह उपलब्ध रहेंगे, लेकिन वह केवल कुछ मिनट ही खेल पाएंगे। उम्मीद है कि वह मैदान पर उतरेंगे। स्लॉट ने टीम के अन्य खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि गोलकीपर एलिसन बेकर ने टीम के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन उनके खेलने पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। वहीं फ्लोरियन विर्ट्ज पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं और एंटीबायोटिक्स ले रहे हैं।
अपने भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर स्लॉट ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि मैं अगले सीजन भी लिवरपूल का मैनेजर रहूंगा। मेरा क्लब के साथ अनुबंध है और क्लब के साथ हमारी बातचीत सकारात्मक रही है। जब आप लीग नहीं जीतते तो आलोचना होना स्वाभाविक है और हमें इसे स्वीकार करना होगा।”
मोहम्मद सलाह पिछले महीने क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ मुकाबले में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए थे। इसके बाद आशंका जताई जा रही थी कि उनका सीजन खत्म हो सकता है और संभवतः लिवरपूल के लिए उनका करियर भी समाप्ति की ओर है, क्योंकि मिस्र के स्टार खिलाड़ी के सीजन के अंत में क्लब छोड़ने की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, बाद में क्लब ने स्पष्ट किया था कि उनकी चोट उतनी गंभीर नहीं है जितनी शुरुआत में आशंका जताई गई थी।
प्रीमियर लीग अंक तालिका में लिवरपूल और एस्टन विला दोनों 59 अंकों के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। लिवरपूल यदि यह मुकाबला जीतता है, तो अगले सीजन के यूएफा चैंपियंस लीग में अपनी जगह लगभग पक्की कर सकता है।
हालांकि, इस सीजन में लिवरपूल उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया और टीम किसी भी बड़े खिताब से दूर रही। पिछले सीजन की सफलता को दोहराने में असफल रहने के बाद कोच आर्ने स्लॉट के भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लिवरपूल का इस सीजन का अंतिम लीग मुकाबला 24 मई को ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे