सऊदी अरब में शुरू होगी ‘ड्यून्स टी20 लीग’, युवराज सिंह बने ब्रांड एंबेसडर

14 May 2026 21:29:53
सऊदी अरब में शुरू होगी ‘ड्यून्स टी20 लीग’, युवराज सिंह बने ब्रांड एंबेसडर


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह अब सऊदी अरब में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की मुहिम का हिस्सा बन गए हैं। साउथ एशियन नेटवर्क लिमिटेड ने घोषणा की है कि युवराज सिंह को आगामी ‘ड्यून्स टी20 लीग’ का लीग एंबेसडर बनाया गया है। यह सऊदी अरब की पहली पेशेवर टी20 क्रिकेट लीग होगी, जिसकी शुरुआत अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है।

इसके लिए एसएएन लिमिटेड ने यूनिक स्पोर्ट्स ग्रुप और प्रोलिथिक टैलेंट एजेंसी के साथ साझेदारी की है। यह लीग सऊदी अरब क्रिकेट फेडरेशन के सहयोग से आयोजित की जाएगी।

छह टीमों वाली यह टी20 प्रतियोगिता अक्टूबर 2026 के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी। आयोजकों के मुताबिक, लीग का उद्देश्य सऊदी अरब और पूरे क्षेत्र में क्रिकेट के विकास को तेज करना, स्थानीय खिलाड़ियों को मंच देना और अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल एवं मनोरंजन अनुभव उपलब्ध कराना है।

युवराज सिंह ने इस नई भूमिका को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि सऊदी अरब में क्रिकेट तेजी से नए दौर में प्रवेश कर रहा है और यह लीग खेल को नए बाजार में स्थापित करने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का एक साथ आना युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा और क्षेत्र में क्रिकेट के भविष्य को मजबूत बनाएगा।

एसएएन लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि यह साझेदारी सऊदी अरब में क्रिकेट के विस्तार के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है। उनका मानना है कि वैश्विक प्रतिभाओं, आधुनिक खेल ढांचे और व्यावसायिक निवेश के जरिए सऊदी अरब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान बना सकता है।

हाल के वर्षों में सऊदी अरब खेलों में बड़े निवेश के जरिए खुद को वैश्विक स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। फुटबॉल, फॉर्मूला-1 और बॉक्सिंग के बाद अब क्रिकेट को भी वहां तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है।

युवराज सिंह की लोकप्रियता और अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि उनकी मौजूदगी ड्यून्स टी20 लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0