अमेरिकी दल व्यापार वार्ता के लिए अगले महीने आ सकता है भारत : वाणिज्य सचिव

15 May 2026 20:53:53
संवाददाताओं को संबोधित करते वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स)। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी दल के अगले महीने भारत आने की संभावना है। हालांकि अभी उनके आने की तारीख तय नहीं हुई है।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि भारत अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए एक सही समय का इंतज़ार कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी दल जल्द आएगा। इस महीने नहीं, शायद अगले महीने आएगा…।’’

उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहा है और इस पर उपयुक्त समय पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही भारत धारा-301 के तहत जांच को लेकर भी अमेरिका से बातचीत कर रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी व्यापार टीम के साथ बातचीत का अगला दौर जून में होने की उम्मीद है, जबकि अमेरिकी सेक्शन 301 की जांच को लेकर बातचीत जारी है।

अग्रवाल ने कहा कि भारत इस बातचीत की प्रक्रिया में शामिल हो गया है और अगले कदमों के बारे में वॉशिंगटन से आगे की जानकारी का इंतजार कर रहा है। दरअसल भारतीय दल अप्रैल में वॉशिंगटन गया था जहां ,अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने एवं व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के तहत वार्ताओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई थी।

उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने 7 फरवरी को संयुक्त बयान जारी कर द्विपक्षीय रूप से लाभकारी व्यापार के लिए अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। बीते वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अमेरिका को भारत का निर्यात 0.92 फीसदी बढ़कर 87.3 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 15.95 फीसदी की बढ़त के साथ 52.9 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। वहीं, व्यापार अधिशेष 40.89 अरब डॉलर से घटकर 34.4 अरब डॉलर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0