कोयला राज्यमंत्री ने सीएमपीडीआईएल की समीक्षा की

15 May 2026 16:39:53
सीएमपीडीआई के समीक्षा बैठक का जारी फोटो


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स)। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने रांची स्थित केंद्रीय खान योजना एवं डिजाइन संस्थान लिमिटेड (सीएमपीडीआईएल) के कामकाज की समीक्षा की। दुबे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का उद्देश्य सीएमपीडीआई के प्रदर्शन और भविष्य की रूपरेखा तैयार करना था।

कोयला मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि कोयला और खान राज्यमंत्री दुबे ने 14 मई को रांची में स्थित सीएमपीडीआईएल की एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, ताकि कोयला और खनिज अन्वेषण के क्षेत्र में संगठन के प्रदर्शन और भविष्य की रूपरेखा का आकलन किया जा सके। समीक्षा बैठक के दौरान अन्वेषण, रिपोर्ट तैयार करने, पूंजीगत व्यय, अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं, सीएसआर पहलों और सौर परियोजनाओं जैसे विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान सीएमपीडीआईएल के निष्पादन को 2026-27 के लक्ष्यों के साथ प्रस्तुत किया गया।

दुबे ने सीएमपीडीआईएल के निष्पादन की सराहना की और देश की भावी ऊर्जा एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए आवश्यक स्वच्छ कोयला प्रौद्योगिकियों के महत्व के साथ-साथ महत्वपूर्ण खनिजों के कार्यनीतिक अन्वेषण पर बल दिया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी नीलेन्दु कुमार सिंह, एमईसीएल के सीएमडी आईडी नारायण उपस्थित थे। सीएमपीडीआईएल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि वे खरीद प्रक्रियाओं को सरल बनाएं, पारदर्शिता बढ़ाएं और बाजार तक पहुंच में सुधार करें ताकि बड़ी संख्या में बोलीदाताओं की भागीदारी के कारण परियोजनाओं में देरी न हो।

मंत्रालय के मुताबिक इस बैठक में केंद्रीय खान योजना एवं डिजाइन संस्थान लिमिटेड (सीएमपीडीआईएल) ने खनिज अन्वेषण एवं परामर्श लिमिटेड (एमईसीएल) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य ऊर्जा एवं गैर-ऊर्जा खनिजों के लिए कोयला और खनिज अन्वेषण के क्षेत्र में दोनों प्रमुख अन्वेषण एजेंसियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। इस सहयोगात्मक अन्वेषण गतिविधियों से कोयले और अन्य खनिजों के राष्ट्रीय भंडार में वृद्धि होने और देश में नई खानों के विकास को सुगम बनाने की उम्मीद है।

मंत्रालय ने कहा कि यह पहल भारत की खनिज संपदा के विकास में योगदान देकर और खनिज क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस समीक्षा बैठक में सीएमपीडीआईएल के सीएमडी चौधरी शिवराज सिंह, सीसीएल के सीएमडी नीलेन्दु कुमार सिंह, एमईसीएल के सीएमडी आईडी नारायण, सीएमपीडीआईएल के तकनीकी निदेशक और सीएमपीडीआईएल, सीसीएल तथा एमईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0