तेलंगाना में आत्मसमर्पण करने वाले 10 माओवादियों को दी गई 55.60 लाख रुपये की सहायता

16 May 2026 19:16:53
पुलिस अधीक्षक के साथ आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी


हैदराबाद, 16 मई (हि.स.)। तेलंगाना के कोतागुडेम में आयोजित एक समारोह के दौरान हाल के दिनों में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल हुए 10 माओवादियों को राज्य सरकार की ओर से 55.60 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

कोतागुडेम के पुलिस अधीक्षक बी. रोहित राजू ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले विभिन्न कैडरों के माओवादी सदस्यों को यह राशि चेक के माध्यम से सौंपी। यह पुरस्कार राशि सरकार द्वारा माओवादियों के संगठन में उनके पद और जिम्मेदारियों के आधार पर पहले से घोषित की गई थी।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिन लोगों को सहायता राशि दी गई, उनमें माओवादी संगठन के स्टेट कमेटी, डिवीजनल कमेटी और स्क्वैड स्तर के सदस्य शामिल थे। सहायता प्राप्त करने वालों में चार महिला माओवादी सदस्य भी शामिल हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बी. रोहित राजू ने आत्मसमर्पण करने वाले सदस्यों की वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली और उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सलाह दी कि पुरस्कार के रूप में मिली राशि को ऐश-ओ-आराम में खर्च करने के बजाय उसका उपयोग स्थायी आजीविका स्थापित करने और बेहतर भविष्य बनाने में करें।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ये माओवादी ‘ऑपरेशन चेयुता’ पहल से प्रेरित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला पुलिस पुनर्वास की प्रक्रिया में हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि विभाग न केवल पुनर्वास उपलब्ध करा रहा है, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को सरकार की ओर से मिलने वाले सभी लाभ और अधिकार समय पर प्राप्त हों।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0