दिल्ली-त्रिपुरा सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस से तीन करोड़ का अवैध सोना बरामद

16 May 2026 17:35:53
Image of the Seized Gold Worth ₹3 Crore Seized From Sampark Kranti Express in Bongaigaon and Passenger Detained.


गुवाहाटी, 16 मई, (हि.स.)। असम के बंगाईगांव जिले में अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने दिल्ली-त्रिपुरा सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस से करीब तीन करोड़ मूल्य के अवैध सोने की खेप बरामद की है।

जीआरपी ने शनिवार काे बताया कि रेलवे मार्ग से तस्करी कर भारी मात्रा में सोना ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने ट्रेन में विशेष तलाशी अभियान चलाया। बंगाईगांव जिले से गुजरने के दौरान पुलिसकर्मियों ने ट्रेन के भीतर सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसके सामान की तलाशी लेने पर बैग के भीतर छिपाकर रखी गई सोने की छड़ें बरामद की।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रबीन सिंघा राव के रूप में हुई है। फिलहाल, उसे हिरासत में लेकर बंगाईगांव जीआरपी थाने में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि इस मामले का संबंध किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से हो सकता है। बरामद सोने की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच जारी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

इतनी बड़ी मात्रा में अवैध सोना बरामद होने के बाद जांच एजेंसियां अब इस तस्करी सिंडिकेट की पूरी कड़ी खंगालने में जुट गई हैं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0