आईपीएल : धर्मशाला में रविवार को पंजाब किंग्स और आरसीबी के बीच होगी भिड़ंत

16 May 2026 19:39:54
एचपीसीए स्टेडियम।


धर्मशाला, 16 मई (हि.स.)। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में कल रविवार को पंजाब किंग्स इलेवन और रॉयल चैलेंजर बैंगलोर (आरसीबी) के बीच भिड़ंत होगी। अपने दूसरे घर धर्मशाला में पंजाब का यह तीसरा मैच है। कल खेले जाने वाले इस मुकाबले को खासकर पंजाब किंग्स इलेवन के लिए काफी अहम माना जा रहा है। पिछले पांच मैचों में लगातार मिली हार से पंजाब को प्लेऑफ में बने रहने के लिए होने वाला यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा अन्यथा वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो सकता है।

उधर दूसरी ओर किंग कोहली और उनकी टीम आरसीबी के हौसले इस समय बुलंद हैं। अभी तक इस सीजन में खेले गए 12 मैचों में से 8 जीत दर्ज कर आरसीबी टेबल पॉइंट में टॉप पर बनी हुई है। वहीं पंजाब की शानदार शुरुआत के बीच पहले लगातार छह जीत और बाद में लगातार पांच हार से वह फिलहाल चौथे स्थान पर है।

वहीं कल होने वाले इस मुकाबले में आरसीबी की टीम पिछले मैचोंमें जीत की लय को बरकरार रखते हुए इस मैच को जीतकर टेबल में नम्बर एक पर बने रहना चाहेगी वहीं लगातार पांच हार के बाद पंजाब इस मैच को जीतकर प्ले ऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पंजाब किंग्स अपने इस दूसरे घरेलू मैदान का फायदा उठाना चाहेगी।

पिच और मौसम की चुनौतियां बढ़ाएंगी रोमांच

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का यह स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत मैदानों में से एक है, लेकिन यहां की परिस्थितियां खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं। हर बार की तरह धौलाधार की पहाड़ियों के साये में तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त स्विंग और उछाल मिलने की पूरी संभावना है। शाम के समय तापमान में गिरावट और ओस गिरने की संभावना के चलते टॉस की भूमिका सबसे अहम होगी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि टॉस जीतने वाली टीम लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेगी। ऐसा ही पिछले दो मैचों में दिखा भी है। इन दोनों मैच में पंजाब ने टॉस हारा और उसे पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी और वह दोनों मैच हार गया।

क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त क्रेज, धर्मशाला से मैक्लोडगंज तक होटल फुल

उधर इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। स्टेडियम के सभी टिकट पहले ही बिक चुके हैं और वीकेंड होने के चलते धर्मशाला में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वीकेंड के चलते धर्मशाला में धर्मशाला से मैक्लोडगंज तक होटल फुल हैं। मैच के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं ताकि दर्शकों को असुविधा न हो। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

पॉइंट टेबल में आरसीबी पहले और पंजाब चौथे स्थान पर

उधर पॉइंट टेबल की बात करें तो फिलहाल आरसीबी 12 में से 8 मैच जीतकर पहले पायदान पर है जबकि 12 में से 6 मैच जीतकर चौथे स्थान पर है। ऐसे में पंजाब को इस मैच में जीत दर्ज करना महत्वपूर्ण है ताकि वह प्लेऑफ की दौड़ में बना रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Powered By Sangraha 9.0