प्रधानमंत्री मोदी का नीदरलैंड में भव्य स्वागत

16 May 2026 12:33:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीदरलैंड्स में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात करते हुए।


नीदरलैंट्स में भारतीय प्रवासियों के नृत्य की एक झलक।


नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को यूरोपीय देश नीदरलैंड पहुंचे। यहां पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने शनिवार को इस शानदार स्वागत की कुछ झलकियां साझा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, कल नीदरलैंड पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने जो दिल को छू लेने वाला स्वागत किया, वह सचमुच बेहद खास था। प्रवासी भारतीयों का यह अपनापन, जोश और स्नेह अभिभूत करने वाला है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वागत की कुछ विशेष झलकियां और तस्वीरें भी साझा कीं। नीदरलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री के स्वागत में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस असाधारण समारोह में भारत की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिली।

स्वागत समारोह में भारतीय प्रवासियों ने देश के विभिन्न हिस्सों की पारंपरिक नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां दीं। इनमें कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम सहित विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां शामिल थीं। इसमें गरबा नृत्य की प्रस्तुति भी शामिल थी।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर बताया था कि मैं एम्स्टर्डम पहुंच गया हूं। नीदरलैंड की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है। इससे सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने का अवसर मिलता है। मैं प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ बातचीत करूंगा और राजा विलेम-अलेक्जेंडर तथा महारानी मैक्सिमा से मुलाकात करूंगा।

यह यात्रा भारत और नीदरलैंड के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ वहां रह रहे भारतीय प्रवासियों के साथ जुड़ाव को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की पांच देशों के दौरे पर रवाना हुए हैं। वह सबसे पहले संयुक्त अरब अमीरात गए। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0