ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के बीच अमेरिका ने 78 जहाजों का रास्ता बदला

16 May 2026 23:43:53

वॉशिंगटन, 16 मई (हि.स.)। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि ईरानी बंदरगाहों के आसपास बढ़ते तनाव के बीच 78 कारोबारी जहाजों को अपना निर्धारित मार्ग बदलना पड़ा। अमेरिका का कहना है कि समुद्री नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए चार अन्य जहाजों को भी रोका गया है।

सेंटकॉम के अनुसार, क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी से जुड़ी गतिविधियां बढ़ाई गई हैं, जिसके कारण समुद्री यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जिन जहाजों को रोका गया, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई या वे किन देशों से संबंधित थे।

रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन ईरान पर कूटनीतिक और रणनीतिक दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। कहा जा रहा है कि इस कदम का उद्देश्य क्षेत्रीय संघर्ष और युद्ध से जुड़े मुद्दों पर ईरान को बातचीत के लिए प्रभावित करना है।

विशेष रूप से पश्चिम एशिया के समुद्री मार्गों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां से तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं का बड़ा हिस्सा दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचता है। ऐसे में क्षेत्र में बढ़ते तनाव को वैश्विक आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0