दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू, 34 करोड़ रूपये की परियोजना पूरी

16 May 2026 20:58:53

नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने रेल बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली किशनगंज रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कर दिया गया है, जिससे स्टेशन अब ट्रेन संचालन के लिए अधिक सुरक्षित, सक्षम और आधुनिक बन गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उन्नयन कार्य 5 मई से 13 मई तक चरणबद्ध तरीके से किया गया। 13 मई को दिल्ली किशनगंज (डीकेजेड) स्टेशन पर नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधारित सिग्नलिंग प्रणाली को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया।

परियोजना के तहत स्टेशन यार्ड का रीमॉडलिंग कार्य भी किया गया, जिसमें आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक, उन्नत फेल-सेफ सुविधाएं तथा बेहतर मॉनिटरिंग सिस्टम शामिल किए गए हैं। नई प्रणाली लागू होने से ट्रेन संचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही सेक्शन में ट्रेनों की सुगम आवाजाही भी सुनिश्चित हो सकेगी।

रेलवे मंत्रालय ने बताया कि इस आधुनिकीकरण परियोजना पर लगभग 34 करोड़ रूपये की लागत आई है। यह पहल दिल्ली मंडल में सिग्नलिंग बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

उत्तर रेलवे के अनुसार यह उपलब्धि दिल्ली मंडल और रेलवे मुख्यालय की परियोजना टीमों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। नई प्रणाली से यात्रियों और मालगाड़ियों दोनों के लिए सुरक्षित एवं अधिक कुशल रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0