नवसारी में 7वां श्रिम्प फार्मर्स कॉन्क्लेव आयोजित, आधुनिक मत्स्य पालन को मिलेगी नई दिशा

17 May 2026 23:08:53
नवसारी के श्रिम्प फार्मर्स कॉन्क्लेव में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल


नवसारी, 17 मई (हि.स.)। नवसारी कृषि विश्वविद्यालय में रविवार को 7वें श्रिम्प फार्मर्स कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें गुजरात के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मत्स्य किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं नवसारी के सांसद सी आर पाटिल ने किया, जबकि राज्य के कृषि मंत्री जीतू वघानी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य झींगा पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़कर अधिक लाभकारी और वैज्ञानिक बनाना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक रेफरल प्रयोगशाला का भूमिपूजन किया गया। यह प्रयोगशाला जल की गुणवत्ता जांचने और जलीय जीवों में होने वाले रोगों के त्वरित निदान में सहायक साबित होगी। इससे झींगा पालन के दौरान होने वाले रोग और नुकसान को नियंत्रित करने में किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में 10 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई सुपर इंटेंसिव एवं प्राकृतिक पद्धति आधारित झींगा पालन परियोजना का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही मत्स्य पालन क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।

कॉन्क्लेव में मौजूद 500 से अधिक किसानों को विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक तकनीक, वैश्विक बाजार और झींगा पालन के नए अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को उत्पादन बढ़ाने, रोग नियंत्रण और निर्यात की संभावनाओं को लेकर भी मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से गुजरात में मत्स्य पालन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और इससे तटीय क्षेत्रों के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0