मानसून के चलते 25 मई से बंद होंगे काजीरंगा अभयारण्य के जीप सफारी

17 May 2026 15:48:53
Kaziranga National Park. काजीरंगा


गुवाहाटी, 17 मई, (हि.स.)। काजीरंगा नेशनल पार्क में संचालित जीप सफारी सेवाएं 25 मई से मानसून सत्र के कारण आधिकारिक रूप से बंद कर दी जाएंगी। वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा तथा पार्कों के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 24 मई तक जीप सफारी सामान्य रूप से संचालित होती रहेगी, जबकि 25 मई से पार्कों में पर्यटकों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। मानसून के दौरान भारी वर्षा, बाढ़ तथा जंगल के रास्तों की खराब स्थिति के कारण सफारी संचालन सुरक्षित नहीं माना जाता।

हर वर्ष मानसून के मौसम में असम के कई राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों में पर्यटन गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद किया जाता है, क्योंकि जलस्तर बढ़ने से जंगल के मार्ग जलमग्न हो जाते हैं और वन्यजीवों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।

वन विभाग ने बताया कि मानसून समाप्त होने के बाद परिस्थितियां सामान्य होने पर अक्टूबर या नवंबर महीने में सफारी सेवाओं को पुनः शुरू किए जाने की संभावना है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0