पोक्सो मामले में बंदी साई भगीरथ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, चेरलापल्ली जेल भेजा गया

17 May 2026 13:23:53
आरोपी बंदी भागीरथ की फ़ाइल तस्वीर


हैदराबाद, 17 मई (हि.स.)। यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) मामले में आरोपित बंदी साई भगीरथ को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद उन्हें चेरलापल्ली सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया। इससे पहले आरोपी ने पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे अदालत में पेश किया।

साइबराबाद पुलिस के अनुसार, बंदी साई भगीरथ को तेलंगाना राज्य पुलिस अकादमी (टीएसपीए) जंक्शन के पास से हिरासत में लिया गया और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच वाहन काफिले के जरिए पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन लाया गया। मामले की निगरानी कर रहीं कुकटपल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रीतिराज भी इस दौरान पुलिस स्टेशन पहुंचीं और जांच की प्रगति की समीक्षा की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपित को मेडिकल जांच के लिए मेडचल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी को 29 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपित के कानूनी सलाहकार और अधिवक्ता करुणा सागर ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के निर्देश पर वह साई भगीरथ के साथ अप्पा जंक्शन पहुंचे थे। वहां उन्होंने आरोपित को साइबराबाद पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस टीम (एसओटी) के हवाले किया। अधिवक्ता के अनुसार, इसके बाद पुलिस आरोपित को पेटबशीराबाद थाने ले गई।

करुणा सागर ने कहा कि बचाव पक्ष अगले कार्य दिवस पर अदालत में जमानत याचिका दाखिल करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और उनका मुवक्किल इस मामले में निर्दोष साबित होगा।

दूसरी ओर, साइबराबाद पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद एसओटी टीम ने नरसिंगी थाना क्षेत्र के मंचीरेवुला स्थित टेक पार्क के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपित को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, साई भगीरथ को 16 मई की रात करीब 8:15 बजे हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उसे पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन स्थानांतरित किया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0