वैभव सूर्यवंशी को भारत की टी-20 टीम में जल्द मौका मिलना चाहिए : रवि शास्त्री

17 May 2026 16:49:53
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- राजस्थान रॉयल्स सोशल मीडिया एक्स)


नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार हैं। उसे जल्द भारत की टी-20 टीम में मौका मिलना चाहिए।

आईसीसी पुरुष अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2026 में भारतीय अंडर 19 टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए ताबड़तोड़ रन बना रहे हैं।

आईसीसी रिव्यू में बातचीत के दौरान रवि शास्त्री ने कहा कि अगर आप किसी युवा खिलाड़ी को प्रोत्साहित करना चाहते हैं या उसे जल्द से जल्द टीम में शामिल करना चाहते हैं, तो टी20 फॉर्मेट सबसे सही मंच है और यह युवा खिलाड़ी किसी भी लिहाज से पीछे नहीं है। यह लड़का इस समय विश्व क्रिकेट की कई टीमों में आसानी से जगह बना सकता है। उसकी युवावस्था के जोश को देखिए और वह जोश उसके चेहरे पर भी झलकता है।

शास्त्री ने सुझाव दिया कि जून में होने वाला आयरलैंड का आगामी दौरा सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने का सही समय हो सकता है, जिससे वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाला खिलाड़ी बन जाएगा।

वैभव की कम उम्र को लेकर शास्त्री ने कहा कि बहुत से लोग पूछेंगे वह 15 साल का है, 16 साल का है या 14 साल का। मुझे परवाह नहीं। मैं तो बस यही देखता हूं कि वह इस समय किस तरह बल्लेबाजी कर रहा है और किस तरह अपने से दोगुनी उम्र के सभी खिलाड़ियों का सामना कर रहा है।

बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन आईपीएल में 11 पारियों में 236.55 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। इसमें दो अर्धशतक और एक शतक शामिल है। इस प्रदर्शन के बाद वैभव को हाल ही में पहली बार इंडिया ए टीम में भी जगह मिली है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0