
नगांव (असम), 17 मई, (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने आज दावा किया है कि देवब्रत सैकिया जल्द ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं और आगामी नगांव लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार बन सकते हैं। अजमल ने यह बयान देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
अजमल ने कहा कि यदि कांग्रेस को अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि बनाए रखनी है, तो विधानसभा में पार्टी के नेता के रूप में एकमात्र हिंदू विधायक को जिम्मेदारी देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब “मुस्लिम लीग” में बदल चुकी है।
ज्ञात हो कि देवब्रत सैकिया हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी से हार गये थे। वहीं चुनावों के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने जोर-शोर से यह बात उठाई थी कि सैकिया भी जल्द ही भाजपा में शामिल हो जाएंगे। अजलमल का यह बयान मुख्यमंत्री के उसी कथानक के रूप में जोड़कर देखा जा रहा है।
एआईयूडीएफ प्रमुख ने कांग्रेस विधायक रकीबुल हुसैन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “रकीबुल हुसैन ने कांग्रेस पार्टी को समाप्त कर दिया।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब कांग्रेस के पीछे “एम” लग गया है।
इसके साथ ही अजमल ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) का विरोध करती रही है और आगे भी इसका विरोध जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी एआईयूडीएफ यूसीसी के खिलाफ अपनी आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि यूसीसी सिर्फ मुसलमानों के लिए लाया जा रहा है। यदि यूसीसी सभी भारतीय लोगों के लिए लाया जाता तो इससे दो कम्युनिटी को अलग रखने का क्या मतलब है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश