मणिपुर में केसीपी उग्रवादी गिरफ्तार, हेरोइन के साथ दो तस्कर भी दबोचे गये

17 May 2026 12:06:53
Image Related to the Two Drug Peddlers Arrested with Suspected Heroin and held KCP Cadre in Manipur.


इम्फाल, 17 मई, (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में चलाए गए विभिन्न अभियानों में दो कथित मादक पदार्थ तस्करों तथा प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (अपुनबा) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है।

मणिपुर पुलिस द्वारा रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के हियांगलाम थाना क्षेत्र स्थित पोल स्टार कॉलेज के निकट अभियान चलाकर इम्फाल ईस्ट जिले के कैरंग मयाई लेइकाई निवासी मोहम्मद सलीम (31) तथा मोहम्मद नवाब (32) को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 13 साबुनदानी में छिपाकर रखा गया संदिग्ध हेरोइन ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसका वजन लगभग 147 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन तथा 52 हजार नकद भी जब्त किए गए।

इसी दिन सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय सदस्य रेक्स थौदम उर्फ मचाटोम्बी (23) को भी गिरफ्तार किया। उसे इंफाल वेस्ट जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।

गिरफ्तार उग्रवादी मूल रूप से इंफाल ईस्ट जिले के पैलेस कंपाउंड हेइजिंगांग रोड का निवासी है और वर्तमान में काकवा नाओरेम लेइकाई में रह रहा था। सुरक्षा एजेंसियां दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0