इस सप्ताह चार कंपनियों के आईपीओ होंगे लॉन्च, दो कंपनियोें के शेयरों की होगी लिस्टिंग

17 May 2026 15:54:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। सोमवार यानी 18 मई से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में मामूली हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह चार कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। ये चारों आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इस सप्ताह एसएमई सेगमेंट की दो कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं।

सप्ताह के पहले दिन 18 मई को एनएफपी संपूर्ण फूड्स का 24.53 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 20 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 52 रुपये से लेकर 55 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 25 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसके अगले दिन 19 मई को टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस का 50.15 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 21 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 61 रुपये से लेकर 63 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 22 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 26 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 20 मई को हरिकांता ओवरसीज का 25.63 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 22 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 91 रुपये से लेकर 96 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 25 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 27 मई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन वेगोरामा पंजाबी अंगीठी का 38.38 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 22 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 73 रुपये से लेकर 77 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,600 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 25 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 27 मई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन 19 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर आरएफबीएल फ्लेक्सी पैक की लिस्टिंग हो सकती है। कंपनी ने 35.33 करोड़ रुपये का आईपीओ लॉन्च किया था, जो 21.48 गुना सब्सक्राइब हुआ था। 19 मई को ही बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर गोल्डलाइन फार्मास्यूटिकल के शेयर लिस्ट होकर कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0