ओस्लो, 17 मई (हि.स.)। नॉर्वे की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी नॉर्वे पुलिस सेक्योरिटी सर्विसेज (पीएसटी) ने जासूसी के संदेह में एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब कुछ सप्ताह पहले भी एक चीनी महिला को उपग्रह संबंधी डेटा मामले में हिरासत में लिया गया था।
सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति को 15 मई को नॉर्वे के उत्तरी क्षेत्र में पुलिस ने हिरासत में लिया था। अधिकारियों का कहना है कि उस पर नॉर्वे के नॉर्डलैंड क्षेत्र में कथित रूप से अवैध खुफिया गतिविधियों की कोशिश करने का संदेह है। हालांकि जांच को देखते हुए एजेंसी ने मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
रिपोर्टों के मुताबिक, नॉर्वे की एक अदालत ने आरोपित को चार सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। वहीं आरोपित के वकील ने कहा है कि उनका मुवक्किल लगाए गए आरोपों से इनकार कर रहा है।
इससे पहले, इसी महीने नॉर्वे की सुरक्षा एजेंसी ने एक चीनी महिला को भी हिरासत में लिया था। उस मामले में जांच एजेंसियों को संदेह था कि नॉर्वे में पंजीकृत एक कंपनी का इस्तेमाल कथित रूप से ध्रुवीय कक्षा में घूम रहे उपग्रहों से डेटा प्राप्त करने के लिए एक रिसीविंग स्टेशन स्थापित करने की योजना के आवरण के रूप में किया जा रहा था।
नॉर्वे की खुफिया एजेंसियां लंबे समय से जासूसी और सुरक्षा जोखिमों को लेकर चीन और रूस को प्रमुख चुनौतियों में शामिल करती रही हैं। हालिया सुरक्षा आकलन रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास भूमि खरीदने में विदेशी रुचि देखी गई है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय