
जगदलपुर, 17 मई (हि.स.)। बस्तर से नक्सलवाद के समूल खात्मे के बाद केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह साेमवार काे पहली बार बस्तर पहुंच रहे हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा स्वागत अभिनन्दन की जोरदार तैयारियां की जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस तैयारी का नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप परिसर में नव संचालित शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा का वन मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव तथा सांसद महेश कश्यप ने संयुक्त रूप से आज रविवार काे निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नेतानार स्थित शहीद गुंडाधुर प्रतिमा स्थल एवं बेस कैंप परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र का अवलोकन किया। इस सेवा डेरा के माध्यम से ग्रामीणों और महिलाओं को विभिन्न सेवाएं एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने आधार सेवा केंद्र, बैंक सखी केंद्र, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, इमली प्रोसेसिंग यूनिट तथा राइस डेकी प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा स्थानीय हितग्राहियों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीसीएफ स्टायलो मंडावी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ उत्तम गुप्ता, जनपद पंचायत सीईओ श्री भाटिया सहित क्षेत्र के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय में गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर आगमन पर संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जगदलपुर पंहुचते ही नेतानार स्थित शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद बस्तर संभाग के भाजपा पदाधिकारियों की बीती रात लंबी बैठक ली। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर सहित समूचे देश से नक्सलवाद को समाप्त कर दिया गया है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सली आतंक को 31 मार्च 2026 तक खत्म करने का दृढ़ संकल्प लिया था, जो पूरा हुआ है। आज बस्तर की आबोहवा में शांति है। अब बस्तर को विकास की दौड़ में अग्रणी बनाने का लक्ष्य है। बस्तर का विकास लघु वनोपज के माध्यम से ही किया जायेगा। उन्हाेंने कहा कि नक्सलवाद के समूल खात्मे के बाद गृहमंत्री शाह पहली बार बस्तर पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत अभिनन्दन की जो रुपरेखा संगठन ने तैयार की है, उसमें सभी कार्यकर्ता जोश-खरोश से अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह दो दिन 18 एवं 19 मई काे बस्तर प्रवास में विभिन्न कार्यक्रमों में शमिल होंगे। चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मध्य क्षेत्र की अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता गृहमंत्री अमित शाह बस्तर में करेंगे। नक्सल उन्मूलन के उपरान्त अब हमारे बस्तर को बेहतर बनाने के ठोस प्रयास आरंभ हो रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह के भव्य स्वागत अभिनन्दन की योजना को समवेत रूप से भाजपा कार्यकर्ता सार्थक बनायें। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने प्रारंभिक उद्बोधन दिया, बैठक का संचालन जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही व आभार प्रदर्शन सुकमा भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने किया।
बैठक में प्रमुख रूप से बस्तर सांसद महेश कश्यप,अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, कोण्डागांव भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम, बीजापुर भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, कमलचंद्र भंजदेव, रामाश्रय सिंह, आर्येंद्र आर्य, ललिता बघेल, लखीधर बघेल, सफीरा साहू, रामकुमारी यादव, प्रदीप देवांगन, सुब्रतो विश्वास, फूलसिंह सेठिया,खीतेश मौर्य, नारायण ठाकुर,रैतुराम बघेल, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, प्रवीण सांखला, हरिराम मण्डावी, महेन्द्र सेठिया, देवीप्रसाद बेंजाम, तरुण पाण्डेय,सुनील कुहरामी, सुखदेव, अभिलाष यादव, माहेश्वरी ठाकुर, विनय सोना, योगेश ठाकुर, संतोष बघेल,नीलाम्बर सेठिया, अजीज खान आदि सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे