डिजाइन क्षेत्र में युवाओं को बड़ा मंच मिलना चाहिए : अमित शाह

17 May 2026 22:38:53
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह


गांधीनगर, 17 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गांधीनगर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन में नए “इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर” का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य मंत्री हर्ष संघवी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा मौजूद रहे।

अमित शाह ने कहा कि एनआईडी केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमिता को जोड़ने वाला देश का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि डिजाइन क्षेत्र में युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर व्यावसायिक मंच देना समय की बड़ी जरूरत है।

उन्होंने कहा कि जैसे आईपीएल ने क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़ा मंच दिया, उसी तरह डिजाइन क्षेत्र में भी युवाओं को आर्थिक और व्यावसायिक अवसर मिलने चाहिए। शाह ने सुझाव दिया कि एनआईडी में ऐसा विशेष विभाग शुरू किया जाए, जो डिजाइन तैयार करने के साथ उसे बाजार तक पहुंचाने में भी मदद करे।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि रचनात्मकता, नवाचार और डिजाइन के जरिए ही भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “डिजाइन इन इंडिया, डिजाइन फॉर द वर्ल्ड” विजन से भारत दुनिया का डिजाइन केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0