
फ्रांस में आयोजित कान्स फिल्म फेस्टिवल इस समय पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। इस प्रतिष्ठित इवेंट में बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के कई सितारे रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं, जिनमें आलिया भट्ट, उर्वशी रौतेला, हुमा कुरैशी, अदिति राव हैदरी और डायना पेंटी शामिल हैं। इसी बीच दिग्गज अभिनेता अशोक सराफ ने भी 78 साल की उम्र में कान्स फिल्म फेस्टिवल में शिरकत कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अशोक सराफ इस मौके पर अपनी पत्नी निवेदिता सराफ के साथ रेड कार्पेट पर नजर आए, जहां दोनों ने विदेशी मीडिया का भी ध्यान आकर्षित किया। वह महाराष्ट्रियन सिनेमा और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाले एक मराठी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। इस दल में प्राजक्ता माली, यूट्यूबर अंकिता वालावलकर, पॉडकास्टर जयंती वाघधारे और फिल्म निर्माता केदार जोशी भी शामिल रहे, जिन्होंने मिलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर मराठी सिनेमा की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
अपने लुक की बात करें तो अशोक सराफ सफेद बंद गले के कोट में नजर आए, जबकि उनकी पत्नी निवेदिता महाराष्ट्रियन साड़ी में बेहद आकर्षक दिखीं। पांच दशक से अधिक लंबे करियर में अशोक सराफ ने मराठी और हिंदी सिनेमा दोनों में अहम योगदान दिया है। उन्होंने 'जानकी' से अपने करियर की शुरुआत की थी और 'भूतचा भाऊ', 'धूम धड़ाका', 'हम पांच', 'यस बॉस', 'करण अर्जुन' और 'प्यार किया तो डरना क्या' जैसी कई चर्चित फिल्मों और टीवी शोज में अपनी पहचान बनाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे