अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' का टाइटल सॉन्ग रिलीज

18 May 2026 15:55:53
अक्षय कुमार - फोटो सोर्स एक्स


अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का टीजर पहले ही दर्शकों के बीच धूम मचा चुका है। अब निर्माताओं ने फिल्म का टाइटल ट्रैक जारी कर फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है। गाने में पुराने 'वेलकम' वाले मस्तीभरे अंदाज और अफरा-तफरी की झलक देखने को मिल रही है, जिसने दर्शकों को एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी की याद दिला दी है।

गाने की शुरुआत फिल्म 'वेलकम' (2007) के मशहूर 'आलू कांदा बेचने वाले' सीन से होती है, जिसे पहले नाना पाटेकर पर फिल्माया गया था। इस बार वही मजेदार अंदाज अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी और तुषार कपूर करते नजर आ रहे हैं। संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद द्वारा कंपोज किए गए इस गाने को रीक्रिएट अंदाज में पेश किया गया है। पहले की तरह इस बार भी गाने को शान ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल मेघा बाली ने लिखे हैं।

ऊर्जा और मस्ती से भरपूर इस गाने में पूरी स्टारकास्ट धमाल मचाती दिखाई दे रही है। अक्षय कुमार और उनकी टोली के साथ दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस का ग्लैमरस अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और फैंस इसे जमकर शेयर कर रहे हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0