
नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट‑यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई ने लातूर के आरसीसी कोचिंग इंस्टीट्यूट के मालिक प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया है। यह संस्थान नीट की तैयारी कराने वाला बड़ा नेटवर्क है, जिसकी नौ शाखाएं हैं।
सीबीआई ने बताया कि तलाशी के दौरान मोटेगांवकर के संस्थान और घर से रसायन शास्त्र का प्रश्न बैंक मिला, जिसमें वही सवाल थे जो 3 मई को हुई परीक्षा में पूछे गए थे। एजेंसी ने पिछले 24 घंटों में पांच जगहों पर छापेमारी कर कई दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
एजेंसी ने बताया कि मामला 12 मई को दर्ज किया गया था, जब शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्र लीक की शिकायत दी थी। अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहमदनगर से कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नौ आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जबकि दसवें आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान के प्रश्न परीक्षा से पहले ही लीक कराए गए थे और बिचौलियों ने छात्रों से लाखों रुपये लेकर विशेष कोचिंग सत्रों में वही प्रश्न पढ़ाए। सीबीआई ने कहा है कि वह इस मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर