
कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक संदिग्ध आरोपित को हिरासत में लिया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के एक टोल प्लाजा से आरोपित को पकड़ा गया। जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार आरोपित दिल्ली के रास्ते कहीं और फरार होने की योजना बना रहा था।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपित का नाम राजकुमार सिंह है, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी है। रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस और सीबीआई की संयुक्त टीम ने दिल्ली के स्वरूपनगर इलाके में एक मकान पर छापेमारी भी की थी, लेकिन उस समय आरोपित हाथ नहीं आया था।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद, छह मई की रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह कार में चालक के बगल वाली सीट पर बैठे थे। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और अंधाधुंध गोलीबारी कर मौके से फरार हो गए। घटना में चालक भी घायल हुआ था।
स्थानीय लोगों की मदद से चंद्रनाथ रथ और चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय राज्य में राजनीतिक माहौल बेहद संवेदनशील था और बाद में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
इस हत्याकांड की जांच के लिए राज्य पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया था। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश से दो लोगों और बिहार के बक्सर से एक कथित शार्प शूटर को गिरफ्तार किया गया था।
रविवार को चंद्रनाथ रथ के श्राद्ध कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने मृतक की मां हासिरानी रथ को आश्वासन दिया कि हत्या के आरोपितों को सजा जरूर मिलेगी। हासिरानी रथ ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री और सीबीआई जांच पर पूरा भरोसा है तथा उम्मीद है कि बेटे को न्याय मिलेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर