
इतिहास में 19 मई कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए याद किया जाता है, लेकिन विज्ञान की दुनिया में इस दिन का विशेष महत्व है। इसी दिन वर्ष 1743 में तापमान मापने के लिए उपयोग किए जाने वाले सेंटीग्रेड पैमाने के विकास की दिशा में एक अहम कदम दर्ज हुआ था। फ्रांसीसी वैज्ञानिक जीन-पियरे क्रिस्टिन ने 19 मई 1743 को सेंटीग्रेड तापमान पैमाने को विकसित करने का कार्य किया। इस प्रणाली ने तापमान मापने के तरीके को अधिक व्यवस्थित और वैज्ञानिक आधार प्रदान किया।
सेंटीग्रेड पैमाने में पानी के जमने के बिंदु को 0 डिग्री और पानी के उबलने के बिंदु को 100 डिग्री निर्धारित किया गया। इन दोनों बिंदुओं के बीच तापमान को 100 समान भागों में विभाजित किया गया, जिससे तापमान को मापना और समझना अधिक आसान हो गया। बाद में इसी प्रणाली को व्यापक रूप से अपनाया गया और आज यह दुनिया के अधिकांश देशों में तापमान मापने का मानक बन चुका है।
हालांकि आधुनिक समय में इसे सामान्य तौर पर “सेल्सियस पैमाना” कहा जाता है, लेकिन इसके विकास में कई वैज्ञानिकों का योगदान रहा। यह पैमाना मौसम विज्ञान, चिकित्सा, अनुसंधान और दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1521 - उसमानी सेना ने भयानक लड़ाई के बाद बालकान प्रायद्वीप में यूगोस्लाविया की राजधानी बेलग्रेड पर अधिकार कर लिया।
1536 - इंग्लैंड के राजा हेनरी 8 की दूसरी पत्नी और क्वीन एलिजाबेथ प्रथम की मां ऐने बोलीन को व्याभिचार का दोष सिद्ध होने पर मौत के घाट उतार दिया गया।
1892 - बहुचर्चित नाटककार और कवि ऑस्कर वाइल्ड को दो साल की सजा के बाद जेल से रिहा किया गया। उन्हें समलैंगिकता के अपराध में यह सजा सुनाई गई थी। उस समय ब्रिटेन में समलैंगिकता गैरकानूनी थी।
1913 - नीलम संजीव रेड्डी का जन्म जो देश के छठे राष्ट्रपति बने।
1936 - ब्रिटेन के आविष्कारक रॉबर्ट डेटसन वाट ने रडार बनाया और यह प्रणाली सबसे पहले ब्रिटेन के हवाई अड्डे पर स्थापित की गई।
1950 - मिस्र ने स्वेज नहर को इजरायली जहाजों के लिए बंद करने की घोषणा की।
1971 - भारतीय नौसेना का पहला पनडुब्बी अड्डा वीर बाहू विशाखापत्तनम में शुरू हुआ।
1980 - अमेरिका में हेलेना ज्वालामुखी फटने से नौ लोगों की मौत। देश के उत्तर पश्चिमी भाग में सुबह सवेरे हुई इस घटना के बाद अंधेरा छा गया। घटना में बहुत से लोग लापता भी हुए।
1999 - भारतीय मूल के महेन्द्र चौधरी फिजी के प्रधानमंत्री नियुक्त, मैक्सिको में 'बाल्कान डिफ़्यूजो' नामक ज्वालामुखी सक्रिय।
2000 - फिजी में भारतीय मूल के प्रधानमंत्री महेन्द्र चौधरी की सरकार को सात नाकाबपोश सशस्त्र व्यक्तियों द्वारा तख्तापलट।
2001 - ऐपल इंक ने अपने पहले दो रिटेल स्टोर खोले। इनमें से एक वर्जीनिया के मैक्लीन में और दूसरा कैलिफॉर्निया के ग्लेनडेल में खोला गया।
2001 - इजराइल का फ़िलिस्तीनी मुख्यालयों पर हवाई हमला, 15 घायल।
2002 - पूर्वी तिमोर चार सदियों की दासता के बाद नयी सहस्त्राब्दी के पहले नये राष्ट्र के रूप में विश्व मानचित्र पर उभरा।
2003 - जिबुती के राष्ट्रपति इस्माइल उमर गुलेह भारत की यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचे।
2006 - भारतीय मूल के मलेशियाई उद्योगपति टी. रविचन्द्रन ने माउंट एवरेस्ट को फ़तह किया।
2007 - अमेरिकी सीनेट में समग्र आव्रजन सुधार विधेयक पर सहमति।
2008 - भारत व चीन के बीच नाथुला से व्यापार पुनः शुरू हुआ।
2008 - विश्व श्रम संगठन के कार्यकारी अक्ष्यक्ष असाने ने नई दिल्ली में सामाजिक सुरक्षा पर सम्मेलन का उद्घाटन किया।
2008 - बैंक ऑफ बड़ौंदा ने वर्ष 2007-08 में अपने शुद्ध लाभ में 39.9% की वृद्धि दर्ज की।
2008 - मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री महाथिर मुहम्मद ने सत्तायुढ़ दल से अलग होने की घोषणा की।
2008 - कैलाश मानसरोवर के लिए चीन ने भारतीय यात्रियों का दौरा स्थगित किया।
2010 - भारत सरकार को 34 दिनों से चले आ रहे 3जी स्पेक्ट्रम की नीलामी से 67718.95 करोड़ रुपए का शुल्क मिलना तय हो गया।
2010 - बिहार के मुजफ्फरपुर-रक्सौल रेलखंड पर मोतीहारी ज़िला के जीवधारा और पीपरा रेलवे स्टेशन के बीच बंगारी हॉल्ट के समीप नक्सलियों ने रेल पटरी उड़ा दी, जिससे एक टैंकर मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई तथा इसकी 13 बोगियों में आग लग गई।
2011 - 58वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों की घोषणा हुई। फ़िल्म 'मोनेर मानुस' को राष्ट्रीय एकता के लिए पुरस्कृत किया गया है। इसके अलावा फिल्म 'दबंग' को सर्वाधिक मनोरंजक फ़िल्म का पुरस्कार दिया गया। मलयालम फ़िल्म ‘एदेमाइन्ते माकान अबू’ को सर्वश्रेठ फ़िल्म चुना गया है जबकि अरुणिमा शार्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया है। मलयालम फ़िल्म ‘एदेमाइन्ते माकान अबू’ के लिए मलयालम अभिनेता सलीम कुमार और तमिल अभिनेता धनुष संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुने गए। मिताली जगताप और सरन्ना पी को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया।
जन्म
1824 - नाना साहब - सन 1857 के भारतीय स्वतन्त्रता के प्रथम संग्राम के शिल्पकार थे।
1881 - कमाल अतातुर्क - आधुनिक तुर्की के निर्माता थे।
1913 - नीलम संजीव रेड्डी - भारत के राष्ट्रपति
1934 - पी. लीला - भारतीय तमिल सिनेमा की प्रसिद्ध पार्श्वगायिका थीं।
1934 - रस्किन बॉण्ड - अंग्रेज़ी भाषा के प्रसिद्ध भारतीय लेखकों में से एक हैं।
1938 - गिरीश कर्नाड, कवि, रंगमंच कर्मी, कहानी लेखक, नाटककार, फ़िल्म निर्देशक और फ़िल्म अभिनेता।
1947 - टी.सी. योहानन - लम्बी कूद के भारतीय खिलाड़ी हैं।
1999 - दीपक पुनिया - भारतीय फ्रीस्टाइल पहलवान हैं जो 86 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हैं।
निधन
1904 - जमशेद जी टाटा - टाटा समूह के संस्थापक
1979 - हज़ारी प्रसाद द्विवेदी - हिन्दी के शीर्ष साहित्यकार
1996 - जानकी रामचन्द्रन - प्रसिद्ध तमिल अभिनेत्री तथा तमिलनाडु की भूतपूर्व मुख्यमंत्री।
1997 - सोंभु मित्रा - फ़िल्म और रंगमंच अभिनेता, निर्देशक और नाटककार थे।
2004 - ई. के. नायनार - भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राजनीतिज्ञ थे, जो केरल के भूतपूर्व मुख्यमंत्री थे।
2008 - विजय तेंदुलकर - भारतीय नाटककार और रंगमंचकर्मी।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय