लिबर्टी म्यूचुअल ने भारत में लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 74 फीसदी की

युगवार्ता    18-May-2026
Total Views |
कंपनी के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली/मुंबई, 18 मई (हि.स)। अमेरिका की बीमा कंपनी लिबर्टी म्यूचुअल इंश्योरेंस ने भारत स्थित अपनी संयुक्त उद्यम कंपनी, लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (एलजीआई) में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 74 फीसदी कर दी है। ये कदम भारतीय बीमा क्षेत्र में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) की सीमा को बढ़ाकर 100 फीसदी किए जाने के बाद उठाया गया है।

लिबर्टी म्यूचुअल इंश्योरेंस ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि उसने भारत में लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (एलजीआई) में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाकर 74 फीसदी कर लिया है। इससे पहले सितंबर 2025 में लिबर्टी म्यूचुअल ने भारतीय इकाई में अपनी हिस्सेदारी 49 फीसदी से बढ़ाकर 55.40 फीसदी की थी।

लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक पराग वेद ने इस अवसर पर कहा, “लिबर्टी म्यूचुअल के मजबूत समर्थन के साथ अब हम अपने वितरण नेटवर्क का विस्तार करने और रिटेल एवं कमर्शियल लाइन सेगमेंट्स में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की बेहतर स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस ऐसे व्यवसाय के निर्माण पर बना हुआ है जो निरंतरता, मजबूती और मजबूत बुनियादी सिद्धांतों पर आधारित हो। साथ ही ऐसे बाजार के अनुकूल बने रहें जिसकी पहचान ही लगातार हो रहे बदलाव हैं।”

पराग वेद ने कहा, “भारत अपनी विविधता और सुरक्षा की बढ़ती मांग के कारण एक अनूठा अवसर प्रस्तुत करता है। हम देश में बीमा पहुंच को बढ़ाने में सार्थक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ते हुए हमारी प्राथमिकता स्पष्ट है। इसमें सतत लाभकारी ग्रोथ सुनिश्चित करना, हमारे हिस्सेदारों के साथ विश्वास को मजबूत करना, ग्राहकों, साझेदारों तथा जिन समुदायों की हम सेवा करते हैं, उनके लिए लंबी अवधि के लिए मूल्य निर्माण जारी रखना।”

लिबर्टी इंटरनेशनल इंश्योरेंस एपीएसी के अध्यक्ष मैथ्यू जैक्सन ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “भारत लिबर्टी म्यूचुअल के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बना है। क्योंकि हम एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं। यह मजबूत बुनियादी कारकों और वृद्धि के महत्वपूर्ण अवसरों से समर्थित है। लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने से हमें कारोबार को और विकसित करने तथा अपनी वैश्विक क्षमताओं को अधिक सीधे तौर पर बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।”

उल्लेखनीय है कि लिबर्टी म्यूचुअल इंश्योरेंस समूह फॉर्च्यून 500 कंपनियों में 91वें स्थान पर हैं। वैश्विक स्तर पर संपत्ति एवं दुर्घटना बीमा क्षेत्र की 9वीं सबसे बड़ी कंपनी है। कंपनी के पास 2025 में 178.2 अरब डॉलर की परिसंपत्तियां और 50.5 अरब डॉलर का राजस्व रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags