कोलकाता में कुख्यात ‘सोना पप्पू’ गिरफ्तार, नौ घंटे की पूछताछ के बाद ईडी की कार्रवाई

18 May 2026 22:27:53
सोना पप्पु


कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। कोलकाता के कस्बा इलाके के कुख्यात अपराधी विश्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया। वित्तीय धोखाधड़ी और कथित वसूली मामले में लंबी पूछताछ के बाद केंद्रीय एजेंसी ने यह कार्रवाई की। चुनाव से पहले से ही विभिन्न विवादों और आरोपों को लेकर वह लगातार सुर्खियों में बना हुआ था।

सोना पप्पू सोमवार सुबह साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय पहुंचे थे। वहां करीब नौ घंटे तक उनसे पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष फरवरी में रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्र में हुई हिंसा और तोड़फोड़ की घटना में भी विश्वजीत पोद्दार का नाम सामने आया था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि घटना के पीछे उन्हीं का हाथ था और उनके सहयोगियों ने इलाके में उपद्रव मचाया था। हालांकि उस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन पुलिस लंबे समय तक सोना पाप्पू तक नहीं पहुंच सकी थी।

इस दौरान उन्होंने कई बार सोशल मीडिया पर लाइव आकर दावा किया था कि उनका किसी भी हिंसक घटना से कोई संबंध नहीं है।

मामले की जांच के दौरान ईडी ने अचानक उनके आवास पर छापेमारी की थी। इसी अभियान में कारोबारी जय कामदार के घर पर भी तलाशी ली गई थी। जांच एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान नकदी, एक महंगी कार और कई संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए थे।

ईडी सूत्रों के अनुसार सोना पप्पू के घर से एक विदेशी पिस्तौल भी बरामद हुई थी। आरोप है कि यह हथियार कारोबारी जय कामदार के माध्यम से खरीदा गया था। बाद में पिस्तौल को गड़ियाहाट थाने में जमा कराया गया।

ईडी ने दावा किया है कि सोना पप्पू के खिलाफ वसूली, धमकी, अवैध दबाव बनाने और शस्त्र कानून उल्लंघन समेत कई प्राथमिकी दर्ज हैं। इन्हीं मामलों के आधार पर एजेंसी ने व्यापक जांच शुरू की थी।

इस मामले में बेहाला के कारोबारी जय कामदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी जांच के सिलसिले में पिछले महीने फर्न रोड स्थित कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर पर भी ईडी ने छापेमारी की थी। बाद में उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0