जोरदार गिरावट के बाद शेयर बाजार ने की शानदार रिकवरी, सेंसेक्स निचले स्तर से 1,280 अंक से अधिक उछला

युगवार्ता    18-May-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान लगभग डेढ़ प्रतिशत की गिरावट का शिकार होने के बाद जबरदस्त रिकवरी कर हरे निशान में बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ती चली गई। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1,280 अंक से अधिक की छलांग लगाने में सफल रहा। इसी तरह निफ्टी भी निचले स्तर से 375 अंक से अधिक उछल गया। इस शानदार रिकवरी के कारण पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.10 प्रतिशत और निफ्टी 0.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की जम कर खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.43 प्रतिशत उछल कर बंद हुआ। इसके अलावा हेल्थकेयर और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी, कैपिटल गुड्स और बैंकिंग इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हुई बिकवाली के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 458.38 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 460.02 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.64 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,492 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,264 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,034 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 194 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,991 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 768 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,223 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर बढ़त के साथ और 13 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 430.02 अंक की कमजोरी के साथ 74,807.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी लगातार बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद सेंसेक्स 1,057.73 अंक लुढ़क कर 74,180.26 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने बाजार में लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स की स्थिति में भी सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 1,286.34 अंक उछल कर 228.61 अंक की मजबूती के साथ 75,466.60 अंक तक पहुंच गया। हालांकि अंत में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से करीब 150 अंक फिसल कर 77.05 अंक की बढ़त के साथ 75,315.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 161.30 अंक टूट कर 23,482.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद निफ्टी 326.40 अंक की गिरावट के साथ 23,317.10 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने बाजार में लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से इस सूचकांक की स्थिति में भी सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 378.55 अंक की रिकवरी कर 52.15 अंक की मजबूती के साथ 23,695.65 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 45 अंक से अधिक टूट कर 6.45 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 23,649.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा 4.34 प्रतिशत, इंफोसिस 2.10 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.72 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.47 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा स्टील 3.29 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 3.04 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.47 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.76 प्रतिशत और बजाज ऑटो 1.72 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags