शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

युगवार्ता    18-May-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी लगातार बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बना कर मार्केट को सपोर्ट करने की कोशिश भी की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इन दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार नहीं हो सका। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.36 प्रतिशत और निफ्टी 1.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोल इंडिया और विप्रो के शेयर 0.99 प्रतिशत से लेकर 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टाटा स्टील, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, श्रीराम फाइनेंस, ट्रेंट लिमिटेड और अदानी पोर्ट्स के शेयर 4.13 प्रतिशत से लेकर 2.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,744 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 425 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,319 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से छह शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 24 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 430.02 अंक की कमजोरी के साथ 74,807.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी लगातार बढ़ने लगी। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की चाल पर अधिक असर नहीं पड़ा। लगातार हो रही बिकवाली के कारण सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,026.08 अंक की गिरावट के साथ 74,211.91 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 161.30 अंक टूट कर 23,482.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ने के कारण इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक गिर कर 23,317.10 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 314.10 अंक लुढ़क कर 23,329.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 160.73 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,237.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 46.10 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,643.50 अंक के स्तर पर शु्क्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags