लंदन, 19 मई (हि.स.)। मध्य-पूर्व में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच ब्रिटेन की प्रमुख एयरलाइन ने अपनी क्षेत्रीय उड़ान सेवाओं की बहाली को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि दुबई, दोहा और तेल अवीव के लिए उसकी उड़ानें अब 01 अगस्त तक शुरू नहीं की जाएंगी।
ब्रिटिश एयरवेज ने जारी बयान में कहा कि क्षेत्रीय परिस्थितियों और सुरक्षा संबंधी आकलन को ध्यान में रखते हुए उड़ान कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। कंपनी के अनुसार यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि मध्य-पूर्व क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसी के आधार पर संचालन संबंधी फैसले लिए जा रहे हैं। कंपनी ने प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था और यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू होने के बाद भी कुछ मार्गों पर परिचालन पूरी क्षमता से बहाल नहीं होगा। विशेष रूप से रियाद और दोहा जैसे गंतव्य स्थलों के लिए उड़ानों की संख्या सीमित रखी जाएगी। शुरुआती चरण में इन शहरों के लिए प्रतिदिन केवल एक उड़ान संचालित किए जाने की योजना बताई जा रही है।
दुबई, दोहा और तेल अवीव पश्चिम एशिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई केंद्र माने जाते हैं। इन मार्गों पर उड़ानों में बदलाव का असर क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर पड़ सकता है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय