सीबीआई ने डीडीए के सतर्कता अधिकारी और कर्मचारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

19 May 2026 21:57:56
सीबीआई


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के सहायक सतर्कता अधिकारी दीपक यादव और बहु-कार्य कर्मचारी (एमटीएस) तरुण को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक सतर्कता मामले में अनुकूल जवाब भेजने के बदले रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है।

सीबीआई के अनुसार, यह मामला 18 मई को डीडीए के पूर्व उपनिदेशक की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि डीडीए के सहायक सतर्कता अधिकारी दीपक यादव ने शिकायतकर्ता के खिलाफ चल रहे सतर्कता मामले में उसके मूल विभाग को अनुकूल जवाब भेजने के बदले पांच लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

जांच एजेंसी ने बताया कि बातचीत के बाद आरोपित तीन लाख रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और 18 मई को दीपक यादव को डीडीए के बहु-कार्य कर्मचारी तरुण के माध्यम से 50 हजार रुपये रिश्वत की पहली किस्त लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। यह राशि कुल तय तीन लाख रुपये का हिस्सा थी।

सीबीआई ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0