हिमाचल प्रदेश की नाथपा झाकड़ी परियोजना में बांध सुरक्षा पर तकनीकी चर्चा, स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली और किया पौधरोपण

19 May 2026 21:58:53
हिमाचल प्रदेश की नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना में आयोजित बांध सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चे और उपस्थित अधिकारी।


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना में मंगलवार को बांध सुरक्षा और आपदा तैयारी को लेकर जागरूकता कार्यक्रम में प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र और सामुदायिक भागीदारी पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली और पौधरोपण किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय लोगों को बांध सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (एनडीएसए) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में एनडीएसए के सदस्य (प्रशासन एवं वित्त) सौरभ अग्रवाल ने कहा कि आपदा जोखिम को कम करने और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने में जागरूक और तैयार समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

किन्नौर के उपायुक्त अमित कुमार शर्मा और नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक भागीदारी, संस्थागत समन्वय और आपदा तैयारी की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान एनडीएसए के उपनिदेशक मोहम्मद जीशान ने बांध सुरक्षा अधिनियम-2021 के प्रावधानों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बांध सुरक्षा प्रशासन और आपदा तैयारी तंत्र को मजबूत बनाने में सहायक हैं।

कार्यक्रम में भारत मौसम विज्ञान विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, गुजरात राज्य बांध सुरक्षा संगठन, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड, जिला प्रशासन और नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन के अधिकारियों ने भाग लिया। डाउनस्ट्रीम क्षेत्र के आठ गांवों के प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, निर्णय सहयोग प्रणाली, उपग्रह एवं भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया तैयारी और मौसम पूर्वानुमान तंत्र जैसे विषयों पर तकनीकी प्रस्तुतियां भी दी गईं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0