दिल्ली मंडल के गाजियाबाद इलेक्ट्रिक लोको शेड में 300वें लोको पर ‘कवच’ सिस्टम स्थापित

19 May 2026 22:22:53
300वें लोकोमोटिव पर स्वदेशी ‘कवच’ ।


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के अंतर्गत गाजियाबाद स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड ने रेल सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 300वें लोकोमोटिव पर स्वदेशी ‘कवच’ प्रणाली की स्थापना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। यह उपलब्धि भारतीय रेलवे में सबसे तेज गति से कवच इंस्टॉलेशन पूरा करने वाले लोको शेड के रूप में दर्ज की गई है।

विद्युत लोको शेड, गाजियाबाद ने 16 मई को 300वें कवच युक्त लोको को सफलतापूर्वक तैयार किया। साथ ही शेड ने कवच प्रणाली के इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया। शेड ने क्रमशः 100वां, 200वां और 300वां कवच लोको भी रिकॉर्ड समय में तैयार किया। इसके अलावा गाजियाबाद इलेक्ट्रिक लोको शेड ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में लोको संख्या 30623 (डब्ल्यूएपी-7) में कवच इंस्टॉलेशन का कार्य 10 सितंबर 2024 को सफलतापूर्वक पूरा किया था, जो भारतीय रेल में तेज कार्य निष्पादन का उदाहरण माना जा रहा है।

कवच प्रणाली के प्रसार और तकनीकी जानकारी साझा करने के उद्देश्य से शेड ने एक दिवसीय सात प्रशिक्षण सत्रों का भी आयोजन किया। इन सत्रों में भारतीय रेलवे के 71 लोको शेडों से कुल 309 अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से कवच प्रणाली की तकनीकी जानकारी और इंस्टॉलेशन प्रक्रिया का आदान-प्रदान किया गया, जिससे विभिन्न लोको शेडों में कार्यकुशलता और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि गाजियाबाद इलेक्ट्रिक लोको शेड के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भावना, तकनीकी दक्षता और समर्पण का परिणाम है। ‘मेड इन इंडिया' कवच प्रणाली भारतीय रेल में सुरक्षित, आधुनिक और विश्वसनीय रेल परिचालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0